बालीचौकी (मंडी)। उपमंडल बालीचौकी के हजारों लोगों को अब ड्राइविंग लाइसेंस और वाहनों की पासिंग के लिए 70 किलोमीटर दूर गोहर नहीं जाना पड़ेगा। इस संबंध में हिमाचल प्रदेश परिवहन विभाग की ओर से अधिसूचना जारी कर दी गई है। अधिसूचना के अनुसार अन्य आरएलए की तर्ज पर बालीचौकी में पहली बार 22 जनवरी को वाहनों की पासिंग और ड्राइविंग लाइसेंस के लिए टेस्ट आयोजित किया जाएगा।
अब तक क्षेत्र के लोगों को वाहनों की पासिंग और ड्राइविंग लाइसेंस से जुड़े कार्यों के लिए गोहर जाना पड़ता था। उपमंडल बालीचौकी भौगोलिक रूप से विकट होने के कारण सोमगाड़, सुधराणी, थाटा, खोड़ाथाच सहित अन्य दूरदराज क्षेत्रों के लोगों को 100 किलोमीटर तक का सफर तय करना पड़ता था। इस कारण लोगों की समय और धन की हानि होती थी। इस मुद्दे को अमर उजाला ने प्रमुखता से उठाया था। अब अधिसूचना जारी होने के बाद क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिली है।
उधर, हिमाचल प्रदेश निजी शिक्षण संस्थान संघ के सदस्य विजय पाल सिंह ने कहा कि अब बालीचौकी में ही ड्राइविंग टेस्ट और वाहनों की पासिंग की सुविधा उपलब्ध होगी। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार जताया है।
वहीं, बालीचौकी के कार्यवाहक एसडीएम रमेश राणा ने बताया कि नए आरएलए के तहत सभी ऑनलाइन और ऑफलाइन कार्य सॉफ्टवेयर के माध्यम से संचालित किए जाएंगे। आवश्यक सॉफ्टवेयर को अपडेट किया जा रहा है। दो-चार दिनों के भीतर सभी प्रकार की सुविधाएं उपमंडल बालीचौकी में उपलब्ध करा दी जाएंगी।