बग्गी में जल शक्ति विभाग के अधिकारियों की बैठक लेते विधायक विनोद। जागरूक पाठक
गोहर (मंडी)। बग्गी में नाचन विधानसभा क्षेत्र के विधायक विनोद कुमार ने जल शक्ति विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में स्वच्छ पेयजल आपूर्ति, निर्माणाधीन पेयजल एवं सिंचाई योजनाओं की प्रगति और पीलिया जैसी जलजनित बीमारियों की रोकथाम पर चर्चा की।
विधायक विनोद कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पेयजल स्रोतों की नियमित सफाई और क्लोरीनेशन अनिवार्य रूप से किया जाए। उन्होंने सभी पेयजल टैंकों की समय-समय पर सफाई, पानी के सैंपलों की नियमित लैब जांच और लीकेज वाली पाइपलाइनों को तुरंत बदलने के आदेश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में देरी या गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पेयजल एवं सिंचाई योजनाओं को निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए। संवाद