पधर (मंडी)। द्रंग ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने पधर में सोमवार को पधर में बेरोजगारी, महंगाई और भ्रष्टाचार के मामलों पर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर धरना-प्रदर्शन किया और आक्रोश रैली भी निकाली।
कार्यकर्ताओं ने सामुदायिक भवन से बाजार होते हुए शिव मंदिर तक जुलूस निकाला, जहां भजन-कीर्तन के साथ खीर के भंडारे का आयोजन किया। पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता कौल सिंह ठाकुर ने केंद्र सरकार पर लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का आरोप लगाते कहा कि देश आज बेरोजगारी, महंगाई और भ्रष्टाचार से जूझ रहा है लेकिन केंद्र सरकार जनता के मूल मुद्दों से ध्यान भटकाने में लगी है।
राम मंदिर निर्माण के चंदे में पारदर्शिता की मांग करते हुए कहा कि आस्था के नाम पर दिए गए करोड़ों रुपये के चंदे को लेकर उठ रहे सवालों पर निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने नीट में सामने आई अनियमितताओं को लेकर सरकार को घेरते हुए कहा कि इससे लाखों युवाओं का भविष्य अधर में लटका है और सरकार जवाबदेही तय करने में पूरी तरह विफल रही है।
इस मौके पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र कुमार, पूर्व अध्यक्ष बामन देव, केहर सिंह, घनश्याम ठाकुर और अन्य मौजूद रहे।