गोहर (मंडी)। लोट पंचायत के चतरूहन क्षेत्र में माया हासिल करने के लालच में आए करीब आधा दर्जन लोगों को स्थानीय ग्रामीणों ने धर दबोचा। यह लोग तांत्रिक की मदद से जमीन में कुछ खोदने और बलि देने के प्रयास में जुटे थे। गांववासियों ने इनकी गतिविधियों को देख लिया और तुरंत पुलिस को सूचना दी। इसके बाद गोहर पुलिस मौके पर पहुंची।
ग्रामीणों के अनुसार ये लोग चतरूहन स्थान पर जमीन में दो गड्ढे कर रहे थे। उनके साथ एक बकरा भी था, जिसे बलि के लिए लाया गया था। एक स्थानीय लड़की ने जब इनकी गतिविधियों को देखा, तो उसने घर जाकर परिजनों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद ग्रामीणों ने इन लोगों को पकड़ लिया।
ग्रामीणों का कहना है कि यह पहली बार नहीं है जब इस प्रकार की गतिविधियां की गई हैं। इससे पहले भी इसी प्रकार की घटनाएं हो चुकी हैं। पुलिस ने इस मामले की गहराई से जांच करने की बात कही है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोका जा सके। पंचायत प्रधान नरोत्तम राम ने बताया कि पुलिस ने पकड़े गए लोगों के बयान ले लिए हैं।
एसएचओ गोहर लाल चंद ठाकुर ने पुष्टि की कि पुलिस ने घटनास्थल पर जाकर ग्रामीणों द्वारा पकड़े गए लोगों को चेतावनी देकर छोड़ दिया है।