अन्य सभी चीजें ड्राफ्ट के अनुसार ही हुई प्रकाशित, कोई बड़ा बदलाव नहीं
जिला परिषद मंडी के निर्वाचन क्षेत्रों के परिसीमन का अंतिम प्रकाशन जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। जिला परिषद मंडी के निर्वाचन क्षेत्रों के परिसीमन संबंधी अंतिम प्रकाशन जारी कर दिया गया है। इसमें वार्ड 35 सोहर का नाम बिंगा किया गया है। वार्ड 35 में शामिल 17 पंचायतों में सबसे अधिक जनसंख्या बिंगा पंचायत की 1914 है। इसी आधार पर वार्ड के नाम का बदलाव हुआ है। इसके अलावा प्रारूप अधिसूचना में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ है।
उपायुक्त अपूर्व देवगन ने बताया कि हिमाचल प्रदेश पंचायती राज निर्वाचन नियम, 1994 के नियम 9 के तहत जारी प्रारूप अधिसूचना पर प्राप्त आपत्तियों और सुझावों पर विचार करने के उपरांत यह अंतिम प्रकाशन किया गया है। उन्होंने कहा कि जिला मंडी की ग्राम पंचायतों के पुनर्गठन एवं विभाजन के पश्चात जिला परिषद मंडी के निर्वाचन क्षेत्रों के परिसीमन के संबंध में यह निर्णय लिया गया है।
उपायुक्त ने बताया कि हिमाचल प्रदेश पंचायती राज निर्वाचन नियम, 1994 के नियम 10 के अंतर्गत यदि किसी व्यक्ति को परिसीमन के संबंध में कोई आपत्ति या सुझाव हो, तो वह अंतिम प्रकाशन की तिथि से 10 दिनों के भीतर उपायुक्त मंडी को प्रस्तुत कर सकता है। उन्होंने बताया कि संबंधित सूची का अवलोकन जिला प्रशासन मंडी की आधिकारिक वेबसाइट https://hpmandi.nic.in पर किया जा सकता है।