सुंदरनगर (मंडी)। मंडी के बाद अब सुंदरनगर में भी व्यापार मेले की आग सुलग उठी है। 10 दिसंबर से जवाहर पार्क में प्रस्तावित व्यापार मेले के विरोध में सुंदरनगर का मुख्य भोजपुर बाजार शनिवार को दोपहर 12 बजे तक पूरी तरह बंद रहेगा। स्थानीय व्यापारियों ने प्रशासन और नगर परिषद के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
शनिवार सुबह 10 बजे व्यापारी महाराणा प्रताप चौक पर एकत्रित होंगे और वहां से नगर परिषद कार्यालय तक विरोध मार्च निकालेंगे। व्यापार मंडल सुंदरनगर के सचिव संजय शर्मा ने बताया कि प्रशासन को पहले ही आगाह किया गया था, लेकिन इसके बावजूद बाहरी व्यापारियों को मेले की अनुमति दे दी गई।
उनका कहना है कि ऐसे मेले स्थानीय दुकानदारों की कमर तोड़ देते हैं। बाहरी व्यापारी यहां आकर मुनाफा कमाते हैं, जबकि स्थानीय बाजार मंदी की चपेट में आ जाता है। इसी रोष स्वरूप शनिवार को बाजार बंद रखने का फैसला लिया गया है। उन्होंने सभी व्यापारियों से एकजुट होकर इस आंदोलन में शामिल होने की अपील की है।
पार्षद शिव सिंह सेन का समर्थन
व्यापारियों के इस आंदोलन को अब राजनीतिक समर्थन भी मिल गया है। वार्ड-4 के पार्षद शिव सिंह सेन ने व्यापारियों के समर्थन में उतरते हुए मेले के आवंटन प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यह मेला न तो किसी सामाजिक संगठन द्वारा आयोजित है और न ही यह कोई नोटिफाई (अधिसूचित) मेला है। उन्होंने दावा किया कि नगर परिषद में सदन की स्वीकृति के बिना ही विशेष व्यक्ति को लाभ पहुंचाने के लिए यह मेला अलॉट कर दिया गया है। पार्षद ने नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी (ईओ) से मेले के आयोजन संबंधित लिखित रिकॉर्ड मांगा है।
मंडी से पहुंची चिंगारी
गौरतलब है कि हाल ही में मंडी शहर में भी मांडव्य उत्सव के बाद पड्डल मैदान में सजे बाहरी मेले के विरोध में बाजार बंद रहे थे। अब वही चिंगारी सुंदरनगर पहुंच गई है। व्यापारी वर्ग का कहना है कि वे अपने हकों के लिए अब चुप नहीं बैठेंगे और बाहरी मेलों का पुरजोर विरोध करेंगे।