मंडी। राजपूत सभा मंडी की बैठक बुधवार को प्रधान अमर सिंह गुलेरिया की अध्यक्षता में आयोजित हुई। इसमें 17 जून को महाराणा प्रताप जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम पर विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान पद्मा गुलेरिया ने भी अपने विचार व्यक्त किए और महिलाओं के विकास में किए जा रहे कार्यों पर अधिक ध्यान देने तथा समाज में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया। प्रधान अमर सिंह गुलेरिया ने बताया कि यूजीसी कानून के विरोध में राजपूत सभा मंडी ने सामान्य वर्ग के साथ दिल्ली में जंतर-मंतर पर धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्हें और उनके सहयोगियों को गिरफ्तार कर महरोली थाने ले जाया गया, जहां कार्रवाई के बाद उन्हें छोड़ दिया गया।
गिरफ्तार हुए लोगों में प्रधान अमर सिंह गुलेरिया, अशोक सरयाल, अदालत सिंह, प्रदीप गुलेरिया, निहाल सिंह गुलेरिया, प्रीतम गुलेरिया और खेम सिंह शामिल थे। राजपूत सभा ने स्पष्ट किया है कि यूजीसी कानून के खिलाफ उनकी लड़ाई जिला और राज्य स्तर पर जारी रहेगी।