जोगिंद्रनगर (मंडी)। हिमाचल प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सामर्थ कार्यक्रम में राजकीय आदर्श कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जोगिंद्रनगर में सोमवार को मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इसमें आग, भूकंप, दुर्घटना, बाढ़ आदि के बारे में विद्यार्थियों और अध्यापकों को जागरूक किया। इस अवसर पर अग्निशमन विभाग जोगिंद्रनगर के फायरमैन कृष्ण चंद्र खरवाल की अगुवाई में टीम ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
टीम ने स्कूल परिसर में आपदा प्रबंधन से संबंधित विभिन्न व्यावहारिक प्रदर्शन छात्राओं के सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न किए। अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों ने विद्यार्थियों को आग लगने की स्थिति में बचाव, उपाय, सिलिंडर में आग लगने पर उसे सुरक्षित रूप से बंद करने की विधि बताई। साथ ही दुर्घटना, भूकंप और बाढ़ जैसी आपदाओं के समय सतर्क रहने के तरीकों के बारे में जानकारी दी। इस अवसर पर स्कूल के प्रधानाचार्य मनोज चौहान, स्कूल के आपदा प्रबंधन के प्रभारी विनोद गुलेरिया व अन्य मौजूद रहे। संवाद