मंडी। अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण मंडी डॉ. मदन कुमार ने बताया कि समर्थ-2025 अभियान के तहत 17 से 31 अक्तूबर तक जिलेभर में 72 स्थानों पर आपदा जोखिम न्यूनीकरण से संबंधित जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि इन कार्यक्रमों में नुक्कड़ नाटकों, जनसंवादों और सामुदायिक सहभागिता गतिविधियों के माध्यम से आम जनता को आपदा प्रबंधन, त्वरित प्रतिक्रिया और सहयोग के प्रति प्रेरित किया जाएगा। यह अभियान सभी उपमंडलों एवं प्रमुख तहसीलों में चलाया जाएगा। प्रत्येक उपमंडल में चार-चार स्थलों पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि बलद्वाड़ा, चच्योट, बगसाड़, निहरी, रिवालसर और संधोल तहसीलों में भी ये कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए कुल 18 सांस्कृतिक दलों का चयन किया गया है। अभियान जिले के मुख्य स्थलों, बस अड्डों, महाविद्यालयों, विद्यालय परिसरों और प्रमुख बाजार क्षेत्रों में भी चलेगा।