जोगिंद्रनगर (मंडी)। उपमंडल के आपदा प्रभावितों ने शुक्रवार को लघु सचिवालय के बाहर राहत न मिलने पर सरकार के विरुद्ध प्रदर्शन किया। उपमंडल के कुडनी, कोटला और टिकरी मुशैहरा पंचायत के अलावा लडभड़ोल क्षेत्र में आई त्रासदी पर प्रशासन से प्रभावितों के पुनर्वास की मांग उठाई।
आपदा प्रभावित 40 से अधिक परिवारों का प्रतिनिधित्व करते हुए माकपा नेता कुशाल भारद्वाज की अगुवाई में एसडीएम मनीश चौधरी को ज्ञापन सौंपा गया। इसमें मांग उठाई कि सरकार भूमि के बदले भूमि प्रदान करे। क्षतिग्रस्त मकानों के नए सिरे से निर्माण को लेकर अधिक से अधिक बजट का प्रस्ताव भी सौंपा गया।
प्रभावित परिवारों ने एसडीएम मनीश चौधरी को बताया कि लाखों की संपत्ति तबाह हो गई जबकि उन्हें राहत के नाम पर केवल औपचारिकताएं ही पूरी की जा रही हैं। कुशाल भारद्वाज ने कहा कि जोगिंद्रनगर उपमंडल में आपदा से प्रभावित परिवारों को सरकार से जो उम्मीदें थीं वह पूरी नहीं हो पाई हैं। इसके चलते यह आक्रोश पैदा हुआ है। उन्होंने एसडीएम मनीश चौधरी से आग्रह किया कि वह सरकार से प्रभावित परिवारों को अधिक से अधिक सहायता प्रदान करवाने में मदद करवाएं।
....
आपदा प्रभावित परिवारों को प्रशासन ने नियमों के तहत अधिक से अधिक सहायता प्रदान करने के पूरे प्रयास किए हैं। क्षतिग्रस्त मकानों की राहत राशि प्रदान करने के अलावा परिवारों को किराये के कमरों में शरण के लिए किराये का प्रावधान किया है। राशन, कपड़े और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता करवा दी गई है।
-मनीश चौधरी, एसडीएम जोगिंद्रनगर
000