मंडी। भारतीय तटरक्षक बल में उत्कृष्ट और सराहनीय सेवाएं देने के लिए जोगिंद्रनगर के झमेहड़ गांव निवासी अरुण कुमार भारद्वाज को प्रतिष्ठित राष्ट्रपति तटरक्षक पदक से सम्मानित किया गया है। भारतीय तटरक्षक बल में डीआईजी के पद पर तैनात अरुण की इस गौरवपूर्ण उपलब्धि से पूरे क्षेत्र और प्रदेश में खुशी का माहौल है।
डीआईजी अरुण भारद्वाज एक प्रतिष्ठित परिवार से संबंध रखते हैं। उनके पिता स्वर्गीय कैप्टन सोहन लाल भारद्वाज धार पंचायत के पांच बार प्रधान रह चुके हैं। उनके बड़े भाई ललित भारद्वाज आरएसएस से जुड़े हैं और छोटे भाई विजय भारद्वाज अधिवक्ता हैं। अरुण भारद्वाज की इस सफलता पर पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल, जयराम ठाकुर, पूर्व मंत्री गुलाब सिंह, कांग्रेस नेता जीवन ठाकुर और भाजपा प्रवक्ता पंकज जम्वाल सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने उन्हें बधाई दी है। नेताओं ने कहा कि डीआईजी भारद्वाज जैसे सैन्य अधिकारी प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं और उनकी इस उपलब्धि से नई पीढ़ी में देश सेवा का जज्बा पैदा होगा।