धर्मपुर कॉलेज में एनसीसी नामांकन ट्रायल लेते अधिकारी। स्त्रोत- संस्थान
धर्मपुर (मंडी)। राजकीय महाविद्यालय धर्मपुर में 2 एचपी बटालियन एनसीसी ( आर्मी विंग) मंडी की ओर से एनसीसी नामांकन ट्रायल अभियान का सफल आयोजन किया गया। इस अभियान में महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और एनसीसी में शामिल होकर देशभक्ति तथा अनुशासन की भावना को आत्मसात करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का संचालन महाविद्यालय के सीटीओ (एनसीसी अधिकारी) प्रो. मनोज कुमार ने किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रमेश चंद धलारिया ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि एनसीसी युवा पीढ़ी में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और राष्ट्र सेवा की भावना जागृत करती है। विद्यार्थियों के चयन के लिए आर्मी विंग से दो अधिकारी कॉलेज में पहुंचे। इन अधिकारियों ने विद्यार्थियों की शारीरिक क्षमता और मानसिक दक्षता दोनों स्तरों पर परख कर उनका चयन किया। इस चयन प्रक्रिया में कुल 30 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। संवाद