मंडी शहर में महऋषि वाल्मीकि जयंती की पर्व संध्या पर भजन कीर्तन करते श्रद्धालु। संवाद
मंडी। जिलेभर में सोमवार को महर्षि वाल्मीकि जयंती धूमधाम से मनाई गई। इस दौरान हवन-यज्ञ की पूर्णाहुति, पवित्र झंडा रस्म और भंडारों का आयोजन हुआ। भजन मंडलियों ने भजन-कीर्तन से महर्षि वाल्मीकि की महिमा का गुणगान किया। मंडी, सुंदरनगर, पंडोह, जोगिंद्रनगर, सरकाघाट और सलापड़ सहित विभिन्न क्षेत्रों में धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए।
मंडी शहर के सुहड़ा वार्ड में वाल्मीकि सभा की ओर से आयोजित समारोह में सदर विधायक अनिल शर्मा मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने पवित्र झंडा रस्म अदा की और जिलावासियों को जयंती की बधाई दी। उन्होंने कहा कि जाति और धर्म की सीमाओं से ऊपर उठकर समाज को एकजुट करना होगा। इस दौरान उन्होंने वाल्मीकि सभा के लंबित कार्यों के लिए अपनी ओर से 21 हजार रुपये देने की घोषणा की। सभा के प्रधान अजय हंस और सचिव दीपक मट्टू ने बताया कि कलाकारों ने रातभर भजन-कीर्तन किया। मुख्य कलाकार कमल राज ने गणेश वंदना से कार्यक्रम की शुरुआत की। उन्होंने ‘गुरु जी मैं तेरी पतंग’ और ‘जय रघुनंदन जय सिया राम’ जैसे भजन प्रस्तुत किए। गायक संजय, बलराज और श्यामा ने भी भजनों से समां बांधा।
लवकुश धर्म सभा की ओर से आयोजित समारोह में नगर निगम मंडी की महापौर सुमन ठाकुर मुख्य अतिथि रहीं। कार्यक्रम में वाल्मीकि सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष अंकुश घोष, जिला प्रधान रोशन लाल, स्थानीय सभा के उपप्रधान विशाल, सलाहकार प्रदीप, कमल राज, रविदास सभा से भूपेंद्र पाल और देवराज, पार्षद नेहा, पूर्व पार्षद राजेंद्र मोहन और नर्वदा मोहन, मनोनीत पार्षद सनी इप्पन, लोहार सभा से अरविंद, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से अमर चंद, कमल कुमार आदि मौजूद रहे।