संवाद न्यूज एजेंसी
जोगिंद्रनगर (मंडी)। जोगिंद्रनगर के सनातन धर्मसभा मंदिर में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के दूसरे दिन श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। हरिद्वार से आए संत स्वयमानंद गिरी ने प्रभु की महिमा का गुणगान करते हुए श्रद्धालुओं को उत्तम आचरण और निस्वार्थ सेवा का संदेश दिया। कथा के दौरान ‘श्रीकृष्ण गोविंद हरे मुरारी’ के संकीर्तन पर श्रद्धालु झूम उठे।
मंदिर समिति अध्यक्ष जुगल किशोर गुप्ता, सदस्य ओम मरवाह और कृष्ण शर्मा ने बताया कि कथा 4 सितंबर तक रोजाना होगी। 5 सितंबर को श्रीकृष्ण महोत्सव के समापन पर विशाल भंडारा आयोजित किया जाएगा। दूसरे दिन कथा का समापन महाआरती के साथ हुआ।