मंडी। उपायुक्त अपूर्व देवगन ने शनिवार को मंडी जिला की औट और बालीचौकी तहसील व थाची उपतहसील का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने इन सभी कार्यालयों में राजस्व मामलों की प्रगति की समीक्षा भी की।
इस मौके पर उपायुक्त ने राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए कि लोगों की राजस्व संबंधी सभी समस्याओं एवं मामलों का त्वरित और समयबद्ध निपटान सुनिश्चित करें। उन्होंने राजस्व अदालतों से संबंधित मामलों की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि 31 मार्च, 2025 तक लंबित सभी कोर्ट केसों का एक माह में निपटारा सुनिश्चित करें। उन्होंने राजस्व अधिकारियों को इंतकाल, तकसीम, खानगी, दुरुस्ती सहित अन्य सभी मामलों का समयबद्ध निपटारा करने के भी निर्देश दिए। उपायुक्त ने तहसील बालीचौकी एवं औट और उप तहसील थाची में अब तक किए गए कार्यों पर संतोष व्यक्त किया।
इस अवसर पर उपमंडल अधिकारी (ना.) बालीचौकी रुपिंदर कौर, जिला राजस्व अधिकारी हरीश शर्मा, तहसीलदार बालीचौकी निधि सकलानी, तहसीलदार औट सुभाष कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। उपायुक्त ने बालीचौकी उपमंडल में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बालीचौकी के समीप स्थापित किए जा रहे पुस्तकालय का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इसका कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त उपायुक्त ने हाल ही में क्षतिग्रस्त हुए बंजार पुल के निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के यांत्रिकी विंग को निर्देश दिए कि इस पुल का कार्य शीघ्र पूर्ण किया जाए।