जोगिंद्रनगर (मंडी)। सरकाघाट-जोगिंद्रनगर सड़क पर करीब एक साल पहले भूमिगत केबल बिछाने के लिए उखाड़ी टारिंग को आज तक दुरुस्त नहीं किया गया है। लोक निर्माण विभाग की उदासीनता से स्थानीय कारोबारियों में आक्रोश बढ़ने लग पड़ा है। वाहनों की आवाजाही से उड़ रही धूल से व्यापार भी चौपट होने लगा है। साथ ही गड्ढों में तबदील सड़क से लोग परेशान हैं।
जोगिंद्रनगर-सरकाघाट सड़क की दुर्दशा पर लोक निर्माण विभाग की उदासीनता से खफा होकर शनिवार को टैक्सी संचालकों ने मिट्टी डालकर गहरे गड्ढों को भरा। टैक्सी यूनियन के चेयरमैन सुनील कुमार ने बताया कि लगातार हादसों का कारण बन रहे गड्ढों से टैक्सी चालक भी परेशान हैं। लोक निर्माण विभाग से कई बार सड़क की टारिंग करने का आग्रह किया है, लेकिन कुछ नहीं हुआ। इस पर खुद ही मोर्चा खंभालना पड़ा है।
स्थानीय निवासी विनोद कुमार, मुनीष, सुरेंद्र कुमार, विरेंद्र, कारोबारी विमल, सुनील कुमार, संजय कुमार ने बताया कि करीब एक साल पहले भूमिगत केबल को बिछाने के लिए पठानकोट चौक से रेलवे क्रॉसिंग फाटक तक स्टेट हाईवे की सड़क को उखाड़ा गया था। गड्ढों में तबदील हुई सड़क में कई राहगीर हादसे का शिकार हो चुके हैं।
वाहनों की आवाजाही के दौरान धूल उड़ने से कारोबार भी प्रभावित हो रहा है। वहीं बारिश के दौरान कीचड़ से हर वर्ग के लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। स्थानीय लोगों और कारोबारियों ने लोक निर्माण विभाग को दो टूक चेतावनी देते हुए कहा कि अगर एक सप्ताह के भीतर सड़क की हालत नहीं सुधारी तो धरना प्रदर्शन कर विभागीय अधिकारियों का घेराव करने से भी गुरेज नहीं किया जाएगा।
जोगिंद्रनगर बस अड्डे से रेलवे फाटक तक लोक निर्माण विभाग की सड़क की उखड़ी टारिंग को जल्द दुरुस्त कर दिया जाएगा। विभाग के अधिकारियों को इस विषय में गंभीरता से कार्य करने के आदेश जारी किए जा रहे हैं।
-जेपी नायक, अधिशाषी अभियंता, पीडब्ल्यूडी, जोगिंद्रनगर मंडल
हाईवे के गहरे गड्ढों को भरते टैक्सी संचालक संवाद