नौजवान सभा ने चेताया, सड़कों को बहाल न किया तो करेंगे आंदोलन
.......................
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। नौजवान सभा जिला कमेटी मंडी ने शुक्रवार को जिला उपायुक्त को मांग पत्र सौंपकर सराज क्षेत्र की सड़कों की त्वरित बहाली की मांग उठाई। सभा ने कहा कि बीते 30 जून की भीषण आपदा से क्षेत्र में भारी नुकसान हुआ है। तीन माह बीत जाने के बाद भी मुख्य सड़क थुनाग से जंजैहली तक की स्थिति बेहद खराब है। इसके चलते क्षेत्र की जनता को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
मांग पत्र में बताया गया कि लोक निर्माण विभाग जंजैहली की लेटलतीफी से कई अन्य सड़कें भी दयनीय हालत में हैं। इनमें पांडवशिला–रुशाड़, जंजैहली–भेखली, जंजैहली–रेशन, जरोल–जूघांद और चोलूथाच–रूहाड़ा सड़कें प्रमुख हैं। खराब सड़कों के कारण स्कूल और कॉलेज जाने वाले छात्रों समेत आम जनता को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है। सभा ने आरोप लगाया कि सरकार और प्रशासन की लापरवाही से लोगों में गहरा रोष है।
सभा ने उपायुक्त से मांग की कि सड़कों की बहाली के कार्य में तेजी लाई जाए। जंजैहली तक मुख्य मार्ग को बसों की आवाजाही के लिए तुरंत दुरुस्त किया जाए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए, तो नौजवान सभा आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होगी। इस मौके पर नौजवान सभा के राज्य अध्यक्ष सुरेश सरवाल, सराज अध्यक्ष एवं बीडीसी सदस्य चेतन ठाकुर, गोपेश्वर शर्मा, राजेश शर्मा सहित कई सदस्य मौजूद रहे। संवाद