धर्मपुर (मंडी)। भाजपा नेता एवं पूर्व प्रत्याशी रजत ठाकुर ने गद्दीदार से संधोल तक की मुख्य सड़क की दयनीय स्थिति पर कड़ा संज्ञान लिया है। वीरवार को उन्होंने देवगढ़, चोलगढ़ आदि ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा कर सड़क की खस्ताहालत का मौके पर निरीक्षण किया।
उन्होंने बताया कि यह सड़क क्षेत्र की लगभग आधा दर्जन पंचायतों की 10 हजार से अधिक आबादी को लाभान्वित करती है। वर्तमान में सड़क कम और खड्ड ज्यादा प्रतीत हो रही है। इसमें दोपहिया वाहन तो दूर, चारपहिया वाहन चलाना भी खतरे से खाली नहीं है। स्थानीय लोगों की शिकायत है कि पिछले 1-2 वर्षों में खरीदी गई गाड़ियां भी सड़क की वजह से खराब हो चुकी हैं।
न तो स्थानीय विधायक और न ही लोक निर्माण विभाग ने इस ओर कोई ठोस कदम उठाया है। रजत ठाकुर ने संबंधित विभाग और विधायक से आग्रह किया कि यदि पूरी सड़क की टारिंग करना संभव नहीं है तो कम से कम पैचवर्क अवश्य करवाया जाए। कहा कि कून, टोरखोला, चोलगढ़ जैसी दुर्गम पंचायतों में विकास की ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। संवाद