जोगिंद्रनगर (मंडी)। नगर परिषद जोगिंद्रनगर में करोड़ों के आधुनिक शॉपिंग काम्पलेक्स की हसरत अभी भी अधूरी है। इससे युवाओं को रोजगार के आयाम भी स्थापित नहीं हो पाए। शहरी क्षेत्र में दशकों पुरानी दुकानों की मरम्मत की दरकार भी कारोबारियों के लिए परेशानियों का सबब बन गई है।
सरकाघाट सड़क पर दशकों पुरानी करीब 40 दुकानों की बदहाल स्थिति से विभिन्न व्यवसाय के कारोबारियों की आजीविका पर भी संकट बना हुआ है। अनुमानित दो से तीन करोड़ का बजट एनएसी मार्केट में नए शॉपिंग काम्पलेक्स पर खर्च होना प्रस्तावित है। इस पर स्थानीय नगर परिषद के प्रयास भी अभी तक सिरे नहीं चढ़ पाए हैं। योजना का प्रारूप तैयार करने के बाद भी बजट की सैद्धांतिक मंजूरी न मिलने से युवा पीढ़ी के कारोबार भी सीमित हो गए हैं।
मंदिर रोड में भी आधुनिक शॉपिंग काम्पलेक्स के निर्माण को लेकर जो योजना स्थानीय नगर परिषद ने तैयार की थी वह अभी भी अधूरी है। सोमवार को नगर परिषद जोगिंद्रनगर की एनएसी मार्केट में बदहाल दुकानों के नए सिरे के निर्माण पर एनएसी मार्केट के कारोबारियों ने बताया कि अनुमानित दो से तीन करोड़ रुपये का बजट आधुनिक शॉपिंग काम्पलेक्स पर खर्च होना प्रस्तावित है।
एनएसी मार्केट में दशकों पुरानी दुकानों की स्थिति ठीक न होने से कारोबारियों की आजीविका पर भी संकट बना हुआ है। नई नगर परिषद से नए सिरे से निर्माण की उम्मीदें कारोबारियों को हैं। -भरत ठाकुर, कारोबारी
अनुमानित दो से तीन करोड़ का बजट आधुनिक शॉपिंग काम्पलेक्स पर खर्च होना है। इस पर नगर परिषद का ध्यान केंद्रित हो, ऐसी उम्मीदें स्थानीय कारोबारियों को है। -गुरुशरण परमार, अध्यक्ष एनएसी मार्केट जोगिंद्रनगर।
शहरी क्षेत्र में नगर परिषद की दशकों पुरानी संपत्ति के रखरखाव को लेकर बजट का अभाव एक समस्या बनता जा रहा है। नया शॉपिंग काम्पलेक्स न बनने से युवाओं की रोजगार की उम्मीदें भी टूटी हैं। नगर परिषद के चुनावी दंगल में उतरे पार्षदों को इस समस्या के समाधान पर ध्यान केंद्रित करना होगा। -सचिन मरवाह, कारोबारी, एनएसी मार्केट जोगेंद्रनगर