जेएनवी पंडोह में प्रवेश के लिए चयन परीक्षा 10 अप्रैल 2027 को होगी आयोजित
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय पंडोह में कक्षा नौवीं एवं ग्यारहवीं में प्रवेश के लिए आयोजित होने वाली प्रवेश चयन परीक्षा के ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। विद्यालय प्रबंधन ने आवेदन की अंतिम तिथि 30 सितंबर से बढ़ाकर 15 अक्तूबर कर दी है। प्रवेश चयन परीक्षा 10 अप्रैल, 2027 को आयोजित की जाएगी। इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित तिथि तक ऑनलाइन पंजीकरण कर आवेदन कर सकते हैं। कक्षा ग्यारहवीं में प्रवेश के लिए अभ्यर्थी का शैक्षणिक सत्र 2026-27 में मंडी जिले के किसी सरकारी अथवा मान्यता प्राप्त गैर-सरकारी विद्यालय में कक्षा दसवीं में अध्ययनरत होना आवश्यक है।
अभ्यर्थी का जन्म 1 जून, 2010 से 31 जुलाई, 2012 के बीच होना चाहिए। इसी प्रकार कक्षा नौवीं की प्रवेश चयन परीक्षा-2027 के लिए अभ्यर्थी का शैक्षणिक सत्र 2026-27 में मंडी जिले के किसी सरकारी अथवा मान्यता प्राप्त गैर-सरकारी विद्यालय में कक्षा आठवीं में अध्ययनरत होना आवश्यक है। साथ ही अभ्यर्थी मंडी जिले का स्थायी निवासी होना चाहिए। अभ्यर्थी का जन्म 1 मई, 2012 से 31 जुलाई, 2014 के बीच हुआ होना चाहिए। प्राचार्य मनोज भटनागर ने बताया कि प्रवेश परीक्षा से संबंधित अधिक जानकारी के लिए इच्छुक अभ्यर्थी एवं अभिभावक किसी भी कार्य दिवस में सुबह 9 बजे से सायं 4 बजे तक 01905-282046 अथवा 9805319303 पर संपर्क कर सकते हैं।