राज्य स्तरीय लघु शिवरात्रि जोगिंद्रनगर मेले की तैयारियों के बारे मीडिया कर्मियों को जानकारी द
जोगिंद्रनगर (मंडी)। एक से पांच अप्रैल तक आयोजित होने जा रहे राज्य स्तरीय लघु महाशिवरात्रि मेला जोगिंद्रनगर का शुभारंभ एक अप्रैल को उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन करेंगे। पांच दिवसीय मेले में चार सांस्कृतिक संध्याएं होंगी। इसके अतिरिक्त विभिन्न खेल स्पर्धाओं के साथ-साथ महिला मंडलों के लिए सांस्कृतिक और खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
मेला समिति के अध्यक्ष एवं एसडीएम मनीश चौधरी ने बताया कि एक अप्रैल को देवी-देवताओं की भव्य शोभायात्रा की अगुवाई के उपरांत सायं तीन बजे मेला मैदान में उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन मेले का विधिवत शुभारंभ करेंगे। मेला समिति ने मेले में भाग लेने के लिए एक सौ से अधिक देवी-देवताओं को शामिल होने का निमंत्रण दिया है।
मेले के दौरान आयोजित होने वाली चार सांस्कृतिक संध्याओं में तन्मय चतुर्वेदी, विंती सिंह, रमेश ठाकुर और अमर संधु लोगों का मनोरंजन करेंगे। इसके अलावा कुमार साहिल, नेहा दीक्षित, हेमंत शर्मा, संजीव दीक्षित सहित अन्य स्थानीय एवं लोक कलाकार भी लोगों का भरपूर मनोरंजन करेंगे। ऑडिशन के माध्यम से चयनित बेहतरीन एवं नए कलाकारों को भी मेला समिति ने मंच प्रदान करने का भरपूर प्रयास किया है। मेला अवधि के दौरान स्कूली और कॉलेज के विद्यार्थियों के लिए लोक नृत्य, पेंटिंग, रंगोली तथा एकल गायन की प्रतियोगिता होगी। कुश्ती, खो-खो, वॉलीबाल, बैडमिंटन, मैराथन इत्यादि प्रतियोगिताएं भी करवाई जा रही हैं। मेले के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त सुरक्षा कर्मियों की तैनाती रहेगी। इस मौके पर तहसीलदार डाॅ. मुकुल शर्मा, नायब तहसीलदार विनय राशपा तथा एपीआरओ राजेश जसवाल भी मौजूद रहे।
000