डगू गांव निवासी 63 वर्षीय प्रेम सिंह ने बताया कि उनके बेटे ने लव मैरिज की है। बहू पहले से ही शादीशुदा है और उसका मंडी कोर्ट में केस भी चल रहा है। आरोप है कि घटना के दिन जब वह अपने घर से नीचे आ रहा था, उस दौरान बेटे और बहू को घर के ताले न तोड़ने के लिए समझाया। इसी बात को लेकर दोनों भड़क गए। पीड़ित प्रेम सिंह के अनुसार पीछे से मेरे सिर पर किसी भारी चीज से वार किया गया, जिससे मैं नीचे गिर गया। इसके बाद दोनों ने दराट और डंडों से मुझे बुरी तरह मारना शुरू कर दिया।
शोर मचाने पर आरोपी वहां से भाग निकले। किसी तरह अपनी जान बचाकर बुजुर्ग लहूलुहान हालत में सड़क तक पहुंचे और 108 एंबुलेंस हेल्पलाइन पर कॉल कर मदद मांगी। मौके पर पहुंची 108 एंबुलेंस की मदद से घायल को तुरंत सिविल अस्पताल लडभड़ोल पहुंचाया गया। छुट्टी का दिन होने के कारण अस्पताल में डॉक्टर मौजूद नहीं थे, जिसके चलते ड्यूटी पर तैनात स्टाफ नर्स ने घायल का प्राथमिक उपचार किया। नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें तुरंत 108 एंबुलेंस के माध्यम से ही जोगिंद्रनगर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
उधर, लडभड़ोल पुलिस चौकी से टीम ने अस्पताल पहुंचकर घायल प्रेम सिंह के बयान दर्ज किए। पुलिस ने बुजुर्ग के बयानों के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पधर के डीएसपी लोकेंद्र नेगी ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर घटना की जांच की जा रही है।