धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने मार्च में होने वाली तीसरी, पांचवी, आठवीं (नियमित एवं राज्य मुक्त विद्यालय), नवमी और जमा एक की वार्षिक और कंपार्टमेंट परीक्षाओं की डेटशीट जारी कर दी है।
बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि तीसरी और पांचवीं कक्षा की परीक्षाएं 9 से 16 मार्च तक होंगी। आठवीं की परीक्षाएं 9 से 20 मार्च तक होंगी। इन सभी परीक्षाओं का समय सुबह 9:45 से दोपहर 1:00 बजे तक होगा। छात्रों को परीक्षा आरंभ होने से 30 मिनट पूर्व केंद्र में पहुंचना अनिवार्य है।
नवमी और जमा एक की वार्षिक और कंपार्टमेंट परीक्षाएं विद्यालय स्तर पर होंगी। नवमी की परीक्षाएं 5 से 18 मार्च तक तथा जमा एक की परीक्षाएं 5 से 28 मार्च तक दोपहर 12:45 से शाम 4:00 बजे तक ली जाएंगी। बोर्ड ने परीक्षार्थियों, अभिभावकों और विद्यालयों से अपील की है कि वे विस्तृत डेटशीट बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट से देख सकते हैं। संवाद