मंडी। संसदीय क्षेत्र मंडी का 21वां सांसद कौन बनेगा, इसका फैसला आज हो जाएगा। मंडी संसदीय क्षेत्र में आने वाले जिले के नौ विधानसभा क्षेत्रों और हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में आने वाले धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में सांसदों के चुनाव के लिए डाले गए मतों की गणना आज होगी। सुबह 8ः00 बजे से मंडी, सुंदरनगर, जोगिंद्रनगर और सरकाघाट स्थापित केंद्रों में ईवीएम से डाले गए मतों की गणना शुरू हो जाएगी। वहीं, पोस्टल बैलेट और ईटीपीबीएस मतों की गिनती संस्कृति सदन मंडी में होगी।
उधर, मतगणना केंद्र के बाहर और आसपास किसी भी तरह की हुड़दंग रोकने के लिए क्यूआरटी के साथ ही अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। पुलिस केंद्र के अंदर और बाहर हर तरह की गतिविधियों पर नजर रखेगी। मतगणना केंद्र में त्रिस्तरीय पहरा रहेगा। एएसपी मंडी सागर चंद्र ने बताया कि मतगणना के लिए पुलिस की पुख्ता तैयारी है।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन ने कहा कि लोकसभा चुनाव के लिए हुए मतदान के बाद अब मत गणना के लिए सभी जरूरी प्रबंध पूर्ण कर लिए गए हैं। मतों की गिनती कड़ी सुरक्षा में की जाएगी। मतगणना केंद्र के अंदर मतगणना में तैनात अधिकारी यार कर्मचारी को और मतगणना एजेंट को मोबाइल फोन ले जाना पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा।
मंडी और बल्ह विधानसभा के वोटों की गिनती वल्लभ महाविद्यालय मंडी में होगी। करसोग, नाचन, सिराज और सुंदरनगर विधानसभाओं के वोटों की गिनती राजकीय जवाहर लाल नेहरू इंजीनियरिंग कॉलेज सुंदरनगर में होगी। द्रंग और जोगिंद्रनगर विधानसभाओं के वोटों की गिनती राजकीय महाविद्यालय जोगिंद्रनगर और धर्मपुर और सरकाघाट विधानसभाओं के वोटों की गिनती राजकीय महाविद्यालय सरकाघाट में होगी।
सिराज, करसोग, सुंदरनगर, नाचन और मंडी के वोटों की गिनती के लिए 10-10 टेबल लगाए गए हैं। इसके साथ ही द्रंग, जोगिंद्रनगर और सरकाघाट के वोटों की गणना के लिए 8-8 टेबल और बल्ह के लिए 9 टेबल लगाए गए हैं। मंडी संसदीय क्षेत्र की कंपाइल मतगणना की घोषणा कांगणीधार स्थित संस्कृति सदन से होगी।
मत पत्र 15,670 और ईटीपीबीएस पहुंचे 3171
पोस्टल बैलेट की गिनती के लिए संस्कृति सदन कांगणीधार में 25 टेबल लगाए गए हैं। ईटीपीबीएस मतोें की स्कैनिंग के लिए 30 टेबल लगाए गए हैं। यहां पर 15,670 पोस्टल बैलेट पत्रों की गिनती होगी। पोस्टल बैलेट की गिनती और ईटीपीबीएस मतों की स्कैनिंग के लिए मतगणना में तैनात सभी ऑब्जर्वरों, काउंटिंग सुपरवाइजरों और सहायकों को जरूरी प्रशिक्षण दे दिया गया है। सर्विस वोटरों के अभी तक 3171 वोट प्राप्त हो चुके हैं। मतगणना शुरू होने से पहले प्राप्त होने वाले सभी वोटों की गिनती की जाएगी।
मंडी के 21वें सांसद की आज होगी तस्वीर साफ
मंडी। मंडी संसदीय क्षेत्र से 21वें सांसद की तस्वीर आज साफ हो जाएगी। 18वीं लोकसभा में मंडी से कौन संसद तक पहुंचेगा, इसी स्थिति मंगलवार दोपहर तक साफ होगी। मंडी से पहली लोकसभा में दो सांसद थे, जबकि मंडी सीट पर दो उपचुनाव हुए हैं। इस तरह यहां से 21वें सांसद का चयन मंगलवार को होगा। मंडी सीट पर साधारण परिवार से लेकर राज परिवार से जुड़े लोग सांसद रह चुके हैं। अब किसके सिर ताज होगा, इसका सभी को इंतजार है।