राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बाल में महानाटी से नशे के खिलाफ दिया संदेश
संवाद न्यूज एजेंसी
सुंदरनगर (मंडी)। राज्य स्तरीय सुकेत नलवाड़ और देवता मेले में पहली बार प्रदेश के विभिन्न जिलों की सांस्कृतिक झांकियां निकाली गईं। झांकियां शुकदेव वाटिका से बाल स्कूल तक निकाली गईं, जिन्हें देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ी।
कार्यक्रम में पूर्व सीपीएस सोहन लाल ठाकुर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। झांकियों में एंजल पब्लिक स्कूल, महावीर पब्लिक स्कूल, जेएनजीईसी सुंदरनगर, बहु तकनीकी कॉलेज, संस्कृत महाविद्यालय, डीएवी, हिमाचल डेंटल कॉलेज और अरोमा कॉलेज ऑफ नर्सिंग सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों और जिलों के कलाकारों ने भाग लेकर अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।
इस दौरान नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान भी चलाया गया। मुख्य अतिथि ने एंटी चिट्टा अभियान के तहत लोगों को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की सख्त नीतियों के चलते नशा माफिया के खिलाफ बड़ी कार्रवाई हुई है और अब तक 50 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति सीज की जा चुकी है। उन्होंने प्रशासन और मेला कमेटी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन समाज में सकारात्मक संदेश देने में अहम भूमिका निभाते हैं। इस मौके पर एसडीएम एवं मेला अधिकारी अमर नेगी, तहसीलदार अंकित शर्मा, तहसील कल्याण अधिकारी विक्रांत जग्गा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
महानाटी में उमड़ा उत्साह
बाल स्कूल में आयोजित महानाटी में सुंदरनगर के विभिन्न शिक्षण संस्थानों और अन्य जिलों के कलाकारों ने भाग लिया। पारंपरिक वेशभूषा में सजे कलाकारों ने नाटी के माध्यम से नशे के खिलाफ संदेश दिया।