मंडी। कोरोना कर्फ्यू में तीन घंटे की ढील के दौरान सोमवार को छोटी काशी समेत उपमंडलों के बाजारों में खूब भीड़ उमड़ी। एटीएम से लेकर बीज केंद्रों, सब्जियों और राशन की दुकानों में कतारें लगी रहीं। कोविड नियम भी मजाक बनते दिखे।
पुलिस और प्रशासन कोविड नियमों की अनुपालना को लेकर लोगों को जागरूक करते रहे, लेकिन भीड़ नहीं मानी। मंडी शहर में सुबह दस बजे से एक बजे तक सब्जी मंडी में लोगों की लंबी कतारें लगीं। मोती बाजार में एटीएम में भी लोग लंबी लाइनों में दिखे। महामृत्युंजय मंदिर, भूतनाथ गली में भी भीड़ रही। इस दौरान कोविड नियमों की पूरी तरह से अनदेखी हुई। भीड़ के आगे पुलिस भी बेबस दिखी। यातायात भी सामान्य दिनों की तरह दिखा।
...
जोगिंद्रनगर में बीज विक्रय केंद्र में जुटी भीड़
जोगिंद्रनगर (मंडी)। खेल मैदान जोगिंद्रनगर के नजदीक कृषि विभाग के कृषि बीज विक्रय केंद्र में कोविड कर्फ्यू के नियमों का उल्लंघन हुआ। सोमवार को बीज लेने पहुंचे किसानों ने सरकार के दिशा-निर्देशों का पालन नहीं किया। भीड़ लगाकर बीज खरीदे। कृषि बीज विक्रय केंद्र में चौंतड़ा और द्रंग ब्लॉक के करीब दस हजार किसान पंजीकृत हैं। इन दिनों चरी, बाजरा, मक्की और धान के बीज की खरीदारी की जा रही है। एसडीएम अमित मेहरा ने कहा कि कृषि बीज विक्रय केंद्र में उमड़ रही भीड़ पर संचालकों से जवाब तलब कर व्यवस्था को दुरुस्त करने के दिशा निर्देश जारी किए जाएंगे।
...
नेरचौक में लंबी-लंबी कतारें
नेरचौक (मंडी)। शहर के एसबीआई, कोऑपरेटिव और पंजाब नेशनल बैंक के बाहर लोगों की लंबी कतारें लगीं। किसी ने भी कोरोना नियमों का पालन नहीं किया। भीड़ के आगे पुलिस भी बेबस दिखी। कृषि विक्रय केंद्र नेरचौक में भारी भीड़ देखकर प्रशासन के होश उड़ गए। लबी कतारों के आगे कोविड के नियम सब बौने दिखे। अव्यवस्था का माहौल रहा। कृषि विशेषज्ञ रामचंद्र चौधरी ने बताया कि मक्की, चरी, बाजरा के बीजों के लिए बहुत से किसान इकट्ठे हो गए थे। स्थानीय पुलिस को बुलाना पड़ा। संवाद