एसडीएम ने किया मेरी पॉलिसी मेरे हाथ अभियान का शुभारंभ
संवाद न्यूज एजेंसी
पधर (मंडी)। उपमंडल पधर में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत मेरी पॉलिसी, मेरे हाथ अभियान का शुभारंभ एसडीएम पधर सुरजीत सिंह ने किया। उन्होंने बताया कि यह अभियान 15 मार्च तक चलाया जाएगा। इसका उद्देश्य योजना के तहत नामांकित सभी ऋणी और गैर ऋणी किसानों तक पहुंचना और फसल बीमा के बारे में जागरूक करना है। शिविर में एसडीएम ने 35 किसानों को फसल बीमा पालिसी का वितरण भी किया।
कृषि उपनिदेशक राम चंद्र चौधरी ने बताया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत कम वर्षा, सूखा, बाढ़, भूमि कटाव, ओलावृष्टि और फसल कटाई के उपरांत दो सप्ताह तक होने वाले नुकसान एवं स्थानीयकृत आपदाओं को कवर किया जाता है। जिन किसानों ने किसान क्रेडिट कार्ड के तहत बैंक से ऋण लिया हो, उनकी फसल का बीमा किसान के अनुरोध पर बैंक की ओर से किया जाता है। कृषि विषयवाद विशेषज्ञ सोनम कुमारी ने प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी दी।
...
1805 किसानों को 28.85 लाख रुपये मुआवजा दिया
जिला समन्वयक बलविंदर ने बताया कि गेहूं, मक्की और धान की फसल के नुकसान के लिए किसान को अधिकतम 4370 रुपये प्रति बीघा और जौ के लिए अधिकतम 3640 रुपये प्रति बीघा का क्लेम मिलता है। बीमा कंपनी ने जिला मंडी में खरीफ फसल में 803 किसानों को लगभग 12.57 लाख रुपये, 1805 किसानों को रबी फसल 2023-24 में 28.85 लाख रुपये मुआवजे के रूप में प्रदान किए हैं।