पधर (मंडी)। स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह ठाकुर ने शनिवार को द्रंग क्षेत्र की ग्राम पंचायत कुफरी में दुंधा क्षेत्र के लिए उठाऊ पेयजल योजना का शिलान्यास किया।
उन्होंने कहा कि एक करोड़ 42 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाली इस योजना से ग्राम पंचायत कुफरी के पांच गांव तथा 21 उप गांवों की लगभग 1500 की आबादी को पेयजल की सुविधा उपलब्ध होगी। इस योजना का स्रोत शिल्लीनाला तथा धंडवाल खड्ड से है। इस योजना में एक भंडारण टैंक 83,500 लीटर क्षमता तथा पांच उप भंडारण टैंक निर्मित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि योजना के निर्मित हो जाने से जनाहन, खपराटू, गरने-का-रिहाड़ा, सरवालड़ी, भलेता, झनड़, रोपडू, चौरा, गलू, लागधार, बथाण, बीकानेर, चमारड़ी, देवीधार, भंगलाना, पहलडू, बल्ह, डोडणू, कमराहल, ठारू तथा थरची गांव को पेयजल की सुविधा उपलब्ध होगी।
उन्होंने कहा कि द्रंग विधानसभा क्षेत्र में वर्तमान में 218 पेयजल योजनाओं के माध्यम से 54 पंचायतों के 240 गांवों की 290 बस्तियों को पेयजल की सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है। द्रंग क्षेत्र में वर्तमान में 36 करोड़ 82 लाख रुपये की 44 पेयजल योजनाओं पर कार्य प्रगति पर है। इससे 131 गांवों की 383 बस्तियों को स्वच्छ व पर्याप्त मात्रा में पेयजल प्रदान करने का प्रावधान रखा गया है।
कौल सिंह ने कहा कि इसके अतिरिक्त एक करोड़ 70 लाख रुपये की 4 नई सिंचाई योजनाओं पर कार्य जारी है। इसके तहत 171 हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा प्रस्तावित है। इस अवसर पर द्रंग कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जोगिंद्र गुलेरिया, मंडी जिला कांग्रेस कमेटी के महासचिव चंद्रशेखर ठाकुर, आईपीएच अधीक्षण अभियंता एलआर चौधरी, अधिशासी अभियंता उपेंद्र वैद्य, एसडीएम पधर बीआर शर्मा, स्थानीय ग्राम पंचायत के प्रधान ओम प्रकाश, पंचायत समिति के सदस्य हेम सिंह, गुज्जर कल्याण बोर्ड के सदस्य बीरी सिंह यादव, धार पंचायत के प्रधान केहर सिंह, पूर्व जिला परिषद सदस्य रंजना देवी सहित विभिन्न पंचायतों के प्रधान व उप प्रधान भी उपस्थित थे।