सराजघाटी के ग्राम पंचायत चिउणी के गांव डडौण में पांच कमरों का घर व लैंद गांव में चार कमरों की एक गौशाला जलकर राख हो गई। प्रभावितों के अनुसार आग से लगभग 15 लाख रुपये की संपत्ति स्वाह हो गई। हालांकि, दोनों ही मामलों में अभी तक आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रशासन की ओर से तहसीलदार थुनाग ने नुकसान का आकलन कर लिया है। प्रभावित परिवारों को फौरी राहत भी प्रदान की गई है।
तहसील थुनाग से सटी ग्राम पंचायत चिउणी के गांव डडौण में पांच कमरों का घर व इसी पंचायत के लैंद गांव के एक गौशाला आग की भेंट चढ़ गई। डडौण गांव में जालम सिंह पुत्र कर्म सिंह ने कहा कि आग लगने से उनकी 10 लाख से अधिक की संपत्ति स्वाह हो गई। घर में रखा राशन व अन्य सामान आग की भेंट चढ़ गया। उधर, लैंद गांव में खुबे राम व उसके तीन भाईयों की चार कमरों की गौशाला भी आग की भेंट चढ़ गई।
हालांकि, मवेशियों को जलने से बचा लिया गया। उधर, तहसीलदार थुनाग शमशेर सिंह ने बताया कि डडौण गांव में 5 कमरों का मकान जला है। इससे प्रभावित परिवार की लगभग छह लाख रुपये की संपत्ति जल गई है। परिवार को पांच हजार रुपये की फौरी राहत प्रदान की गई है। वहीं, लैंद गांव में गौशाला के जलने से चार भाईयों की 3.12 रुपये की संपत्ति स्वाह हो गई है। वहां प्रभावितों को तीन हजार रुपये की फौरी राहत प्रदान की गई है।