धर्मपुर (मंडी)। उपमंडल मुख्यालय धर्मपुर में स्थानीय व्यापारी भागमल राणा की शराब ठेके में सेल्समैनों ने बेरहमी से पिटाई कर दी। इसके विरोध में सोमवार को व्यापार मंडल धर्मपुर ने रैली निकाल कर प्रदर्शन किया और मारपीट करने वालों को गिरफ्तार करने और ठेका बंद करवाने की मांग उठाई। व्यापारियों ने पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए खूब नारेबाजी की।
पिछले रविवार को व्यापारी भागमल राणा ने निर्धारित मूल्य से ज्यादा रेट पर बीयर बेचने का विरोध कर तय दाम से ज्यादा दाम वसूलने का कारण पूछा था। इस बात पर सेल्समैनों के साथ कहासुनी हो गई। ठेके में कार्यरत कारिंदों ने भागमल को डंडों से बेरहमी से पीट दिया। भागमल के शरीर पर चोट के निशान पड़े हैं। भागमल राणा ने इसकी शिकायत पुलिस थाना धर्मपुर में सोमवार को दर्ज करवाई थी लेकिन पुलिस ने अभी तक दोषियों के खिलाफ कोई भी कार्रवाई नहीं की। जिसके विरोध में धर्मपुर व्यापार मंडल ने वरिष्ठ उपाध्यक्ष गंगा राम की अध्यक्षता में बस स्टैंड धर्मपुर के पास बैठक की तथा बाजार में रैली निकाली और दोषियों को तुरंत गिरफ्तार करने, शराब का ठेका बस स्टैंड के नजदीक से तुरंत हटाने, निर्धारित मूल्य से अधिक रेट पर शराब और बीयर बेचने पर रोक लगाने की मांग की है।
ठेका खुली दुकान में चल रहा है, उसे केबिन में चलाने की प्रशासन और आबकारी विभाग से मांग की तथा उपायुक्त मंडी को एसडीएम के माध्यम से ज्ञापन भेजकर तुरंत कार्रवाई करने की मांग उठाई। व्यापारियों ने इस गुंडागर्दी के खिलाफ जमकर नारेबाजी और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारे लगाये तथा दोषियों को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग उठाई। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन को अल्टीमेटम दिया कि अगर जल्द दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो व्यापारी आंदोलन तेज करेंगे। जिसकी जिम्मेवारी पुलिस प्रशासन और आबकारी विभाग की होगी।
इस दौरान पुलिस व व्यापारियों के बीच कार्रवाई को लेकर खूब बहस हुई। पुलिस को दिए बयान में भागमल राणा ने बताया कि वह शराब के ठेके में बीयर लेने गए थे तथा जब ठेके के सेल्समैन ने 95 रुपये की जगह बीयर की बोतल के 140 रुपये मांगें तो उन्होंने इसका विरोध किया। इस बात पर सेल्समैनों ने उनके ऊपर डंडों से हमला कर दिया। इस मौके पर घुंघर सिंह, सतीश कुमार, विनोद कुमार, प्रतापचंद राणा, देशराज पालसरा के अलावा व्यापार मंडल के सभी सदस्य मौजूद रहे। धर्मपुर पुलिस थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि मारपीट का मामला दर्ज किया गया है। भागमल राणा का मेडिकल करवाया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जल्द ही दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा।