मवेशियों को गो सदन में छोड़ने
के नाम पर हो रह धोखाधड़ी
कोटली चौकी क्षेत्र में शातिरों का गिरोह सक्रिय, लोगों में रोष
एक जोड़ी मवेशियों को गो सदन छोड़ने के लिए जा रहे 5000, साथ में गाड़ी का खर्चा
15 से 20 किमी के दायरे में छोड़ रहे मवेशी, लोगों ने की कार्रवाई की मांग
अमर उजाला ब्यूरो
कोटली (मंडी)। सदर थाना की कोटली चौकी क्षेत्र में किसानों के बेकार मवेशियों को पंजाब के गो सदनों में छोड़ने के नाम पर धोखाधड़ी हो रही है। यहां शातिरों का गिरोह सक्रिय है, जो भोले भाले किसानों और पशुपालकों को अपने जाल में यह कहकर फंसा रहा है कि उनके मवेशियों को पंजाब और दिल्ली के गो सदनों में छोड़ दिया जाएगा। मवेशियों की एक जोड़ी को पंजाब छोड़ने का आश्वासन देकर पांच हजार रुपये के साथ गाड़ी खर्चा ले रहे हैं। सोमवार को भी रकम वसूलने के बाद गांव के मवेशियों को गाड़ी में भरकर उसी क्षेत्र के पंद्रह से बीस किमी के दायरे छोड़कर शातिर रफूचक्कर हो गए। नतीजतन यहां लावारिस पशुओं की तादाद बढ़ने लगी है। इस कारण लोगों को दुर्घटनाओं के साथ-साथ खेतों के तबाह होने की चिंता भी सताने लगी है। वहीं, क्षेत्र में गो सदन न होने से भी लोग ऐेसे लोगों के झांसे में आ रहे हैं और बेकार मवेशियों से छुटकारा पाने के लिए शातिरों की चिकनी चुपड़ी बातों में आ रहे हैं।
इस तरह सामने आई सच्चाई
राजकुमार, बिट्टू, काकू, शेर सिंह, दिलू राम, मेघ सिंह, लेख राज, धर्म चंद, धनदेव, देवेंद्र कुमार, लच्छी राम, सपना, मीरा और हरि सिंह ने कहा कि कुछ लोगों ने अपने मवेशियों को लावारिस सड़कों पर घूमते देखे। इन मवेशियों को पंजाब के गो सदन भेजने के लिए वे शातिरों को पैसे भी दे चुके थे। इसके बाद लोग थोड़ा सचेत हुए, लेकिन बताया जा रहा है कि इन शातिरों का अन्य गांवों में भी नेटवर्क काफी सक्रिय होता जा रहा है। ऐसे में गो सदन की मांग जोर शोर से उठने लगी है।
मामले की होगी जांच: डीएसपी
उधर, डीएसपी हितेश लखनपाल ने कहा कि संबंधित चौकी में इस संदर्भ में निर्देश दिए जाएंगे। ग्रामीणों को भी सचेत रहना चाहिए कि वे अपने मवेशियों का सौदा इस तरह से न करें। मामले की जांच की जाएगी और ऐसे शातिरों पर कार्रवाई होगी।
क्या कहना है लोगों का
दिले राम ने कहा कि लावारिस मवेशियों के चलते दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। पंचायत को इसके लिए गंभीर होना चाहिए।
दिनेश कुमार का कहना है कि क्षेत्र में मवेशी अवैध रूप से छोड़ रहे हैं, जिससे लोगों को परेशानी हो रही है। प्रशासन को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
बृज लाल के अनुसार ये मवेशी कोटली से लेकर सलेतर के बीच में छोड़े जा रहे हैं। इस कारण किसानों को अपने खेत इन मवेशियों से बचाना मुश्किल हो रहा है।
देवेंद्र कुमार ने कहा कि ऐसे कारोबारियों पर शिकंजा कसना चाहिए, जो मवेशी पंजाब में छोड़ने की बात करते हैं और पैसे लेकर मवेशी आसपास में छोड़ रहे हैं।
राजकुमारी ने ऐसे लोगों पर पुलिस प्रशासन से कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही प्रशासन से गो सदन के निर्माण की गुहार लगाई है।
जया कुमारी ने कहा कि यहां अकसर आवारा मवेशी सड़कों पर दिखते हैं। इन्हें छोड़ने वालों का पता नहीं चलता। स्थानीय बाशिंदे ऐसे नहीं करते हैं। इनकी पहचान होनी चाहिए।
(कृपया इस खबर को प्रमुख्ता से लें। यहा प्रसार बढ़ाया जा रहा है। कोटली में 400 से अधिक कापी लग रही हैँ। इसे बढ़ाया जा रहा है।)