सरकाघाट (मंडी)। उपमंडल की भांवला पंचायत मुख्यालय के समीप कार खड़ी जेसीबी से टकरा गई। हादसे में कार चालक की मौत हो गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार बुधवार देर रात दलेर सिंह (40) निवासी वन लुहारडी सुपर-हाईवे से घुमारवीं से सरकाघाट अपने घर आ रहा था। भांबला से समीप अचानक कार अनियंत्रित होकर खड़ी जेसीबी से टकरा गई। दलेर कार से किसी तरह बाहर निकला। उसके सिर पर हल्की चोटें आई थीं। उसने हादसे के बारे में परिवार के अन्य सदस्यों को सूचना दी और अस्पताल जाने की बजाए दूसरी गाड़ी में घर चला गया। वीरवार सुबह एकाएक दलेर सिंह की तबीयत खराब हो गई। उसके परिजन उसे नागरिक अस्पताल बल्द्वाड़ा ले गए। लेकिन, उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवा शव को परिजनों को सौंप दिया है। डीएसपी सरकाघाट मदन धीमान ने हादसे की पुष्टि की है।