गोहर (मंडी)। सीएम के गृह क्षेत्र की थाची अस्पताल में महिला डॉक्टर से छेड़खानी के बाद मारपीट मामले के आरोपी का पुलिस सुराग नहीं लगा पाई है।
अब तक करीब डेढ़ से दो सौ लोगों की पुलिस शिनाख्त परेड कर चुकी है, लेकिन पुलिस की एसआईटी को कोई सफलता हाथ नहीं लगी है। वीरवार को डीएसपी पधर मदनकांत शर्मा ने थाची में 50 लोगों की शिनाख्त परेड की और बयान दर्ज किए। इसमें भी आरोपी का सुराग नहीं लग पाया है।
उधर, डॉक्टरों की प्रदेश व्यापी हड़ताल से सकते में आई सरकार के स्वास्थ्य मंत्री विपिन परमार ने डॉक्टरों की राज्य एसोसिएशन के पदाधिकारियों को वार्ता के लिए शिमला बुला लिया है। सीएम के क्षेत्र में हुई वारदात से पुलिस और स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। सीएमओ ने भी यहां पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली है।