सुंदरनगर (मंडी)। सुंदरनगर में एटीएम कार्ड से धोखाधड़ी कर 3500 रुपये निकालने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने सुंदरनगर थाना में मामला दर्ज करवाया है।
सुंदरा देवी पत्नी दया राम निवासी मकान नंबर-107/8 भोजपुर, तहसील सुंदरनगर ने बताया कि उसका स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, सुंदरनगर में बचत खाता है। 20 मई को पति दया राम भोजपुर स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम में पैसे निकालने गए लेकिन खाते से कोई भी पैसा नहीं निकला। उन्होंने कहा कि उस समय एटीएम के अंदर खड़े तीन लड़कों एवं एक औरत ने उसके पति की पैसे निकालने में मदद की। उसके बाद भी खाते से पैसे नहीं निकले।
थोड़ी देर इंतजार करने के बाद उनके पति घर लौट आए। सुंदरा देवी ने कहा कि उसे हैरानी तब हुई जब 30 मई को उसने अपने बैंक में जाकर खाते की पासबुक में एंट्री करवाई। इसमें पता चला कि खाते से 3500 रुपये निकल चुके हैं। महिला ने एटीएम में मौजूद लोगों पर धोखाधड़ी करने की आशंका जताई है। सुंदरा देवी ने सुंदरनगर थाना में जाकर शिकायत पत्र देकर मामले की छानबीन करने की गुहार लगाई है। इधर, थाना प्रभारी गुरबचन सिंह रणौत ने बताया कि महिला की शिकायत मिली है, जिसकी पुलिस जांच कर रही है।