अमर उजाला ब्यूरो
मंडी। कोटली पुलिस चौकी की टीम ने 24 घंटों में ही चोरी की दो बाइक समेत तीन आरोपियों को काबू किया है। इन बाइक की कीमत एक लाख 50 हजार रुपये है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। उधर, कोर्ट ने इन्हें तीन दिन के रिमांड पर भेजा है। आरोपियों की पहचान सन्नी (22) पुत्र मोहिंद्र निवासी वाडी-गुमाणू, कमलजीत (18) पुत्र ओम प्रकाश निवासी शीगलू और पवन कुमार (21) पुत्र कर्म सिंह निवासी थनोट के रूप में हुई।
जानकारी के मुताबिक पुलिस चौकी कोटली में शिकायतकर्ता इंद्र सिंह पुत्र अच्छरु राम निवासी थनौट ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि उसने और उसके भतीजे सेवक राम पुत्र खेम चंद ने घर के पास अपनी बाइक पार्क कर रखी थी। जब दूसरे दिन उन्होंने देखा तो उनकी बाइकें चोरी हो गई थीं। उन्होंने संदेह जताया था कि उनके दोनों बाइक कोई आज्ञात लोग ले गए हैं। पुलिस चौकी की टीम ने चौकी प्रभारी बृज भूषण की अगवाई में शिकायत पर तुरंत कार्रवाई करते हुए चोरों की तलाश शुरू कर दी और मात्र 24 घंटों में ही बाइक के साथ तीन युवकों को काबू किया है। मामले की पुष्टि एसपी मंडी गुरदेव शर्मा ने की है।