सुंदरनगर (मंडी)। चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर हराबाग में शनिवार सुबह करीब साढ़े दस बजे स्थानीय लोगों और सैलानियों के बीच जमकर झगड़ा हुआ। लड़ाई के दौरान तेजधार हथियार भी चले। इस झगड़े में पांच लोग घायल हुए हैं। जिसमें तीन सैलानी और दो स्थानीय लोग हैं। तीन में से एक सैलानी की हालत गंभीर बनी हुई है। जिसे सुंदरनगर अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। विवाद वाहनों के पास को लेकर बढ़ा, जो बाद में मारपीट में बदल गया। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। डीएसपी संजीव भाटिया ने बताया कि पुलिस ने दोनों पक्षों की ओर से क्रॉस एफआईआर दर्ज कर घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है। वहीं सभी घायलों का नागरिक अस्पताल में मेडिकल भी करवाया गया है।
इसलिए शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार मनाली से हरियाणा कार से जा रहे युवकों की ओर से एक टैंपो ट्रेवलर को पास न देने पर उसमें बैठे लोगों ने उनकी कार को रुकवाया और गाली गलौज करने लगे। जब दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया और गाली गलौज अधिक जोर से होने लगी तो वहां रहने वाले स्थानीय लोग भड़क उठे। मामला गरमाने पर टैंपो ट्रेवलर वाले पर्यटक चुपचाप निकल गए लेकिन, स्थानीय लोगों ने कार में सवार तीन युवकों को घेर लिया। जिससे घबराए एक युवक ने कार से तेजधार हथियार निकाला और स्थानीय दो युवकों पर उससे वार कर दिया। जिसके उपरांत करीब दर्जन भर लोगों ने उस धर दबोचा और जमकर उसकी धुनाई की। इस दौरान एक व्यक्ति रॉड ले आया और उसकी बड़ी ही निर्दयता से पिटाई कर दी। जब वह लहूलुहान हो बेसुध हुआ तो ही जाकर उसकी पिटाई बंद की।
सूचना मिलते ही पहुंचा पुलिस दल, हुई शिनाख्त
मारपीट की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी गुरबचन सिंह के नेतृत्व में पुलिस दल मौके पर पहुंचा और उन्होंने दोनों पक्षों के घायलों को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचाया। जहां घायल पर्यटक युवाओं की पहचान दीपक कुमार (25) पुत्र सतीश कुमार निवासी गांव बबलाना जिला झज्जर हरियाणा, विजय कुमार पुत्र अजमेर सिंह और प्रवीण कुमार पुत्र सतू निवासी गांव चमारिया जिला रोहतक और विनोद कुमार (33) पुत्र मुनी लाल निवासी मलिंढी सुंदरनगर और दिनेश कुमार(25) पुत्र रूपलाल निवासी चामुखा सुंदरनगर के रूप में हुई है। इन घायलों में से पर्यटक दीपक कुमार की हालत नाजुक बनी हुई है। उसके एक कान का पर्दा फट गया है और सर और बाजू पर गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने उसका सीटी स्कैन भी करवाया है। वह गंभीर अवस्था में नागरिक अस्पताल सुंदरनगर में उपचाराधीन है।