अमर उजाला ब्यूरो
धर्मपुर(मंडी)। सरकाघाट, धर्मपुर और जोगिंद्रनगर में एटीएम मशीनों में पैसा गबन करने के मामले में पुलिस ने निजी कंपनी के कर्मचारी को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि प्रारंभिक छानबीन में उसने गबन की बात कबूली है। बैंकों के एटीएम में करीब 39 लाख का गबन हुआ है। वहीं आरोपी को वीरवार को अदालत में पेश किया जाएगा। गिरफ्तारी की पुष्टि थाना प्रभारी जय लाल ने की है।
क्षेत्र में विभिन्न बैंकों में एटीएम में पैसा डालने वाली कंपनी के मैनेजर ने अपनी ही कंपनी के दो कस्टोडियन के खिलाफ करीब 39 लाख के गबन का मामला सरकाघाट व धर्मपुर पुलिस थाना में अलग अलग दर्ज करवाया था। जिस पर धर्मपुर पुलिस ने चंद्रकांत पुत्र खेमचंद गांव चौरी को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया है। शाखा प्रबंधक अजित कुमार ने सरकाघाट एथोंना, धर्मपुर और बरोटी के एटीएम में 39 लाख 17 हजार रुपये नहीं डालने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज करवाया था।