अमर उजाला ब्यूरो
सरकाघाट(मंडी)। उपमंडल की रोपड़ी पंचायत में अपने बेटे को नशे के लिए रोकना एक बेबस मां को महंगा पड़ा। गुस्साए बेटे ने डंडा लेकर मां पर हमला बोल दिया और उसे लहूलुहान कर दिया। शिकायत पर पुलिस ने बेटे को गिरफ्तार करके मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं किसी के भी जमानत के लिए आगे न आने पर आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे 11 अगस्त तक न्यायिक हिरासत में रखने के आदेश दिए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक कमला देवी पत्नी रूप लाल ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है कि उसका बेटा राजेंद्र कुमार प्रतिदिन घर नशा करके आता था। इस दौरान वह गाली गलौच करता था। साथ ही जरा सी बात पर आपा खो देता था। 31 जुलाई की रात को वह नशे में धुत होकर पहुंचा। वह कमरे में सो रही थी। इसी दौरान जाग गई और नशा न करने की बात कही। इसी बीच गुस्साए बेटे ने डंडा लेकर मारपीट की। थाना प्रभारी भारत भूषण ने कहा कि पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।