अमर उजाला ब्यूरो
बालीचौकी (मंडी)। क्षेत्र में पंजाई-थलौट सड़क पर पंजाई से एक किमी दूर आल्टो कार सोमवार को अनियंत्रित होकर 200 मीटर नीचे खाई में जा गिरी। हादसे में कार में सवार चार स्कूली छात्रों को गंभीर चोंटे लगी है। चालक को हल्की चोटें लगी हैं। घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से सीएचसी नगवाईं पहुंचाया गया है। जहां पर घायलों का इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है घायल सभी छात्र स्कूल में से छुट्टी होने के बाद कार में लिफ्ट लेकर घर लौट रहे थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार सोमवार को चार बजे के करीब एक आल्टो कार पंजाई से थलौट की ओर जा रही थी। पंजाई से लगभग एक किमी पीछे कार अचानक अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। कार में पंजाई स्कूल में पढ़ने वाले चार छात्र सवार थे। छात्र स्कूल से लिफ्ट लेकर घर लौट रहे थे। घायल छात्र की पहचान जय प्रकाश पुत्र अनिल कुमार, सोनू पुत्र हीरा सिंह, डोला सिंह पुत्र केवलु राम, दिनेश पुत्र कुरम दत्त निवासी बछाहड़ और चालक की पहचान कन्हैया पुत्र लोत राम निवासी बछाहड़ के रूप में हुई है। चालक और अन्य स्कूली छात्र नगवाईं में में ही उपचाराधीन हैं। चालक ने स्कूली बच्चों को लिफ्ट दी थी। स्कूल से महज एक मोड़ की दूरी पर कार खाई में जा गिरी। जिससे छात्रों को गंभीर चोटें लगी हैं। बालीचौकी के तहसीलदार अनिल कुमार ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि घायलों को नियमानुसार राहत दी जाएगी। बालीचौकी स्थित पुलिस चौकी के प्रभारी बलबीर शर्मा ने बताया कि चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है।