वन कार्पोरेशन के गवाली स्टोर के समीप
ट्रक यूनियन ने पकड़ा बिरोजे से भरा ट्रक
रात के अंधेरे में तस्करी होने का लगाया आरोप
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तनाव किया शांत, दोनों पक्षों के बयान लिए
अमर उजाला ब्यूरो
पधर (मंडी)। वन कार्पोरेशन के गवाली स्टोर के समीप मंगलवार रात को बिरोजा से भरे नालागढ़ नंबर के एक ट्रक को पधर यूनियन ने पकड़ा है। इस बारे में यूनियन के प्रधान हरदेव सिंह ठाकुर और अन्य पदाधिकारियों ने पधर पुलिस को सूचना दी।
थाना प्रभारी पधर पुलिस दल के साथ रात को मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों में तनाव को शांत किया। इस बीच यूनियन के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि बाहर की गाड़ी यूनियन एरिया में सामान नहीं उठा सकती और बिरोजा वन संपदा की रात के अंधेरे में तस्करी की जा रही है। ट्रक ऑपरेटर यूनियन ने कहा कि उक्त नंबर की गाड़ी यूनियन के एरिया से कई मर्तबा बिरोजे का ढुलान कर चुकी है। यूनियन के पदाधिकारी कई दिनों से उक्त गाड़ी को पकड़ने की फिराक में थे। इसमें यूनियन को मंगलवार रात को सफलता हाथ लगी। पुलिस ने ट्रक चालक से गाड़ी के कागजात कब्जे में ले लिए हैं। यूनियन पदाधिकारियों, ट्रक चालक और निगम के वन रक्षक से पुलिस ने मौका पर बयान भी कलमबंद किए। यूनियन का आरोप है कि इतनी बड़ी घटना और रात को वन संपदा की तस्करी होने का मामला होने के बावजूद भी पुलिस ने यूनियन की शिकायत पर कड़ा संज्ञान नहीं लिया और न ही कोई सकारात्मक कार्रवाई हुई है। प्रधान का कहना है कि घटना की सूचना उन्होंने रात को ही वन निगम के जिला प्रबंधक को मोबाइल पर दे दी थी। उन्होंने राज्य वन निगम के अधिकारियों से मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
खुद लोड करवाया ट्रक : वन रक्षक
वन रक्षक वन निगम नरोत्तम सिंह ने बताया कि ट्रक यूनियन के विवाद पर पुलिस ने दोनों पक्षों को मामला आपस में सुलझाने की सलाह दी। गाड़ी को मैंने स्वयं लोड करवाया है। निगम के ठेकेदार ने परमिट के लिए 22 तारीख को आवेदन किया है। इसके लिए रोड पास की फीस बैंक में जमा होनी अभी शेष है। बैंकों की हड़ताल के चलते कागजी औपचारिकताएं अभी पूरी नहीं हुई हैं। परमिट गाड़ी नंबर के आधार पर कटता है। परमिट जारी होने पर ही लोड गाड़ी को स्टोर से रवाना किया जाएगा।
मामला संगीन नहीं : एसएचओ
इस बारे में एसएचओ पधर सुभाष चंद शर्मा ने बताया कि पधर पुलिस का दल तुरंत घटना स्थल पर पहुंच गया था। घटना को लेकर पुलिस ने मौका पर दोनों पक्ष के बयान भी लिए। बिरोजा से लोड गाड़ी वन निगम के गवाली स्टोर एरिया के भीतर थी। निगम के वन रक्षक के बयान के मुताबिक मामला संगीन नहीं पाया गया।