सुंदरनगर (मंडी)। बीएसएल कालोनी के साथ मंगलवार दोपहर बीएसएल जलाशय में तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर जा गिरी। हादसे में कार में सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि कार में सवार दो अन्य युवक घायल हो गए हैं। घायलों को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इधर, इस घटना से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। बाजार बंद रहे। मृतक युवक व्यापार मंडल सुंदरनगर के अध्यक्ष घनश्याम महाजन का बेटा था। सभी दोस्त जलाशय के पास घूमने निकले थे।
पुलिस ने मृतक की शिनाख्त ऋषभ महाजन (22) पुत्र घनश्याम महाजन निवासी भोजपुर के रूप में की है। वह अपने दोस्तों विपुल कुमार (21) पुत्र रोशन लाल निवासी चांबी और साहिल (21) पुत्र गिरधारी लाल निवासी बीएसएल कालोनी के साथ बीएसएल जलाशय के किनारे कार में घूमने गया हुआ था। दोपहर करीब एक बजे जब वह वापस आने लगे तो कार तेज रफ्तारी में अनियंत्रित हो गई और जलाशय के अंदर बने पक्के तट के फर्श पर पलटियां खाते हुए जा गिरी। हादसे में कार में सवार तीनों युवक घायल हो गए। जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से उपचार के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। जहां पर जांच के उपरांत चिकित्सकों ने ऋषभ महाजन को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। वहीं ऋषभ के शव का पोस्टमार्टम करवा कर देर शाम परिजनों को सौंप दिया। डीएसपी तरनजीत सिंह ने बताया कि पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर हादसे के कारणों की जांच कर रही है।