बल्ह क्षेत्र के पैड़ी गांव के एक युवक की पीजीआई चंडीगढ़ में हुई मौत के कारण का पता लगाया जाएगा। इस संबंध में जांच के लिए जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ जोगिंद्र ठाकुर ने खंड स्वास्थ्य अधिकारी से रिपोर्ट तलब की है। वर्तमान में युवक के मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं।
पीजीआई चंडीगढ़ में जीवानंद पुत्र घनश्याम निवासी पैड़ी की मौत होने के बाद स्वास्थ्य विभाग हरकत में आ गया है। मृतक के मौत के कारण जानने के लिए विभागीय टीम मौके पर जाकर जांच करेगी और इसकी रिपोर्ट जिला स्वास्थ्य अधिकारी को सौंपेगी। जांच में यदि युवक के मौत के कारण जलजनित रोग के कारण पाई जाते हैं तो आवश्यक पग उठाए जाएंगे। जलजनित रोग से मौत होने पर स्वास्थ्य विभाग आईपीएच विभाग से संपर्क कर क्षेत्र में पेयजल सैंपलिंग के लिए कार्य करेगा। जिससे दूषित पेयजल सप्लाई न हो।
जीवानंद के जोनल अस्पताल मंडी में दाखिल होने के संबंध में भी जिला स्वास्थ्य विभाग के पास कोई रिपोर्ट उपलब्ध नहीं है। इधर, जिला में पीलिया का सामान्य है। वर्ष 2016 के पहले दो सप्ताह में पीलिया के 48 सैंपल जांचे गए हैं। जिनमें से पांच सैंपल पॉजिटिव पाए गए हैं।
सभी पॉजिटिव मामले जिला के अलग-अलग क्षेत्रों से संबंध रखते हैं। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ जोगिंद्र ठाकुर ने बताया कि पैड़ी के युवक की पीजीआई चंडीगढ़ में मौत का मामला संज्ञान में आया है। जिस पर युवक के मौत के कारण पता लगाने के लिए टीम भेजी जा रही है। टीम से मामले को लेकर रिपोर्ट तलब की गई है। अभी तक युवक के मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं।