अंतरराष्ट्रीय बस अड्डे और पुलिस लाइन मंडी के साथ एक शातिर ने एक व्यक्ति का एटीएम कार्ड बदलकर 34 हजार रुपये निकाल लिए। शातिर ने कार्ड बदलने के बाद पंडोह व मनाली में चार ट्रांजेक्शन कर उक्त राशि निकाल ली। खाते से रुपये निकलने की सूचना मिलने पीड़ित ने सदर पुलिस में शिकायत दी है।
जिस पर पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने जांच के लिए एटीएम की सीसीटीवी फुटेज भी मंगवाई है। पुलिस के अनुसार हरी कृष्ण पुत्र लोहर राम निवासी गांव जनेड़ डाकघर मराथू तहसील सदर जिला मंडी नौ जनवरी शाम साढ़े पांच बजे पुलिस लाइन मंडी के समीप पीएनबी एटीएम में रुपये निकालने पहुंचा।
कार्ड न चलने पर एक अन्य व्यक्ति एटीएम में घुस गया। जिसने कार्ड चलाया और हरी कृष्ण ने उसी के सामने पिन डाल दिया। इसी बीच व्यक्ति ने एटीएम बदल लिया। नौ जनवरी शाम को ही पंडोह में तीन ट्रांजेक्शन कर रुपये निकाल लिए। व्यक्ति को रुपये निकालने के एसएमएस भी मिले लेकिन उसने वह चेक नहीं किए। दस जनवरी को शातिर ने मनाली एक और ट्रांजेक्शन कर ली। शातिर ने कुल 34,020 रुपये खाते से निकाल लिए।
दस जनवरी को सुबह व्यक्ति ने रुपये निकालने के एसएमएस देखे तो वह हक्का-बक्का रह गया। जांच में पाया कि उसके पास मेरठ के किसी बैंक का एटीएम कार्ड है। जिस पर उसने सदर पुलिस में शिकायत दी। मामले में हैड कांस्टेबल विजय कुमार जांच कर रहे हैं। इधर, एसपी मंडी प्रेेम कुमार ठाकुर ने बताया कि आईपीसी की धारा 420 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। छानबीन जारी है।