करसोग अस्पताल के समीप चिकित्सकों के लिए निर्माणाधीन आवास के स्टोर से कुछ लोग 63 बैग सीमेंट समेत अन्य सामान चुरा ले गए। शिकायत मिलने पर करसोग पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए शक के आधार पर एक व्यक्ति से पूछताछ की और गिरफ्तार किया। मामले में चार लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। जिन्हें कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उन्हें तीन दिन के रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता तरुण गुप्ता पुत्र जीत गुप्ता निवासी करसोग के पिता जीत गुप्ता सरकारी ठेकेदार हैं और आजकल करसोग में सरकारी अस्पताल के पास डॉक्टर के आवास के निर्माण का जिम्मा उन्होंने ले रखा है।
इसी निर्माणाधीन इमारत में एक स्टोर रूम बनाया है। जिसमें 19 अक्तूबर को सरकारी सीमेंट के 96 बैग, 19 प्लाई बोर्ड और 10 पेंट की बाल्टियां रखी थी। जिसकी देखभाल के लिए जगत राम को मुंशी रखा था। आठ नवंबर को तरुण गुप्ता ने स्टोर रूम में सामान चेक किया तो पाया कि उक्त सामान से 63 बैग सीमेंट, 17 प्लाई बोर्ड और चार बाल्टियां पेंट चोरी हो गई थी। जिस पर उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने आईपीसी की धारा 457, 380 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस ने शक के आधार पर पूछताछ के लिए मुंशी जगत राम को बुलाया और गिरफ्तार किया। जिसने अपना गुनाह कबूल करते हुए घटना की सारी जानकारी दी। जगत राम की जानकारी के आधार पर पुलिस ने तीन अन्य लोगों को गिरफ्तार किया। जिसमें वरुण ने अपना गुनाह कबूल किया और 36 सीमेंट बैग चोरी करने और घर बनाने में प्रयोग करने की बात कबूली। पुलिस ने 36 खाली बैग और दो पेंट की बाल्टियां बरामद की हैं। आरोपियों की पहचान पवन कुमार निवासी कुकाहण, दुर्गा सिंह निवासी चलाउग, जगत राम निवासी भंथल, वरुण निवासी कुकाहण के रूप में हुई है। पवन और वरुण आपस में रिश्ते में भाई बताए जा रहे हैं। घटना में अभी शेष सीमेंट व प्लाई बोर्ड और पेंट की रिकवरी होना शेष है। इधर, एसएचओ करसोग पुलिस थाना सुनील कुमार ने बताया कि घटना में प्रयोग की गई गाड़ियों और अन्य आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस जुटी हुई है। मामले में जांच जारी है।