पड्डल मैदान में आयोजित सम्मान समारोह में जिला क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय राणा के साथ विजेत
मंडी। जिला क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय राणा ने कहा कि खेल सेंटर से निकल कर युवा खिलाड़ी अपनी प्रतिभा की चमक बिखेर रहे हैं। अंडर-14 अंतर जिला क्रिकेट प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर विजेता बने जिले के खिलाड़ियों ने मंडी का नाम रोशन किया है।
जिस तरह से खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का डंका बजा रहे हैं, उससे उनका भविष्य सुनहरा है। 14 वर्ष से कम आयु वर्ग की अंतर जिला क्रिकेट प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर जिला मंडी को विजेता बनाने में अहम योगदान देने वाले आदिश मिन्हास और उनकी टीम के सदस्यों का मंडी पहुंचने पर भव्य स्वागत किया।
जिला क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय राणा, नगर निगम के महापौर वीरेंद्र भट्ट शर्मा समेत अन्य लोगों ने टीम का स्वागत किया। धर्मशाला में अंतर जिला क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल मैच में आदिश मैन ऑफ द मैच के पुरस्कार से नवाजे गए हैं। फाइनल मैच में आदिश ने 53 रनों की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली, वहीं गेंदबाजी में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन अहम विकेट चटकाए। इस अवसर पर पार्षद हरदीप सिंह राजा, क्रिकेट कोच रविकांत समेत खिलाड़ियों के अभिभावक भी मौजूद रहे। संवाद