करसोग (मंडी)। करसोग के तहत अशला में नाके के दौरान वन विभाग की टीम ने एक जीप से 11 कायल की लकड़ी के स्लीपर बरामद किए हैं। विभाग ने जीप को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंच कर गाड़ी को कब्जे में ले लिया है। इसके बाद पुलिस ने गाड़ी को वन विभाग के हवाले कर दिया है।
जानकारी के अनुसार रविवार रात करीब ढाई बजे वन विभाग की टीम ने अशला के पास आरओ सेरी मुकेश शर्मा की अगुवाई में नाका लगाया था। इसी दौरान ग्वालपुर से आ रही पिकअप को वन विभाग की टीम ने जांच के लिए रोका। चेकिंग के लिए वाहन को रोकते ही जीप में सवार चालक व एक अन्य व्यक्ति अंधेरे का फायदे उठाकर मौके से फरार हो गए।
विभागीय टीम ने जीप में कायल के 11 स्लीपर बरामद किए। छानबीन के दौरान चालक की पहचान रामलाल पुत्र माखुराम गांव व डाकघर नांज और दूसरे व्यक्ति की पहचान हेमराज पुत्र दुर्गा राम गांव मैहंडी के रूप में हुई है। वन विभाग के आरओ मुकेश शर्मा ने करसोग पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर लकड़ी से भरी जीप को कब्जे में लेकर वन विभाग के हवाले कर दिया। पुलिस ने वन अधिनियम और आईपीसी की धारा 379 के तहत मुकद्दमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। वन विभाग सेरी के आरओ मुकेश शर्मा, डीएसपी संजीव भाटिया ने इसकी पुष्टि की है। नाके के दौरान वन रक्षक रमेश कुमार, अदन सिंह, रतन सिंह भी मौजूद थे।