मंडी में शहरी चौकी में बधाई क्षेत्र विवाद को लेकर जुटे दोनों पक्ष। संवाद
मंडी। शहरी चौकी मंडी में शुक्रवार सुबह करीब 11:30 बजे दो पक्षों में विवाद हो गया। यह विवाद बाहरी क्षेत्र से आकर हिजड़े की ओर से बधाई मांगने को लेकर हुआ। इस दौरान इस समुदाय के कुछ लोगों ने पुलिस के खिलाफ नारे भी लगाए।
हालांकि, शहरी पुलिस ने चौकी में बैठाकर इनकी काउंसलिंग भी की। दाेनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ पुलिस को शिकायत भी सौंपी है। जानकारी के अनुसार त्योहारी सीजन में मंडी क्षेत्र में बधाई मांगने को लेकर यह विवाद हुआ। रेश्मा महंत का कहना है कि मंडी क्षेत्र में वह बधाई मांगने का कार्य करती हैं, लेकिन यहां दूसरे लोग सक्रिय हो गए हैं।
उधर, दूसरे पक्ष की तरफ से भ्यूूली के बंगाली बस्ती निवासी संजू देवी व एक अन्य महिला ने धक्का-मुक्की का आरोप लगाते हुए शिकायत सौंपी गई है। वहीं, शहरी पुलिस चौकी प्रभारी एसआई मदन लाल ने बताया कि दोनों पक्षों की तरफ से शिकायत मिली है। यह बधाई क्षेत्र का विवाद है। दोनों पक्षों की काउंसलिंग की जा रही है। उधर, पुलिस अधीक्षक मंडी साक्षी वर्मा ने बताया कि वह शिमला में हैं। इस बारे में जानकारी नहीं है।
इसी प्रकार, सरकाघाट के त्रिफालघाट निवासी किन्नर शोभा ने भी पुलिस को एक शिकायत सौंपी है। शिकायत में शोभा ने बताया कि वह अपने कुछ शिष्यों के साथ कई सालों से मंडी जिले में लोगों के घरों में शादी समारोह, बच्चों के जन्म पर बधाई मांगने जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें अनजान नंबरों से मंडी जिले को छोड़ने और जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं। उन्होंने पुलिस से अज्ञात लोगाें के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।