मंडी। क्षेत्रीय अस्पताल मंडी में सवा करोड़ रुपये की लागत से डिस्ट्रिक्ट इंटीग्रेटेड पब्लिक हेल्थ लैब का निर्माण हो रहा है। ठेकेदार की लापरवाही से यह कार्य दो साल बाद भी पूरा नहीं हो सका है। इस देरी से मरीजों को सभी जांच सुविधाओं के लिए लंबा इंतजार करना पड़ेगा।
यह लैब आयुष्मान भारत हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन के तहत एनएचएम की ओर से एचएलएल लाइव केयर कंपनी के माध्यम से बन रही है। तय योजना के अनुसार इसका निर्माण अप्रैल 2025 तक पूरा होना था। अस्पताल के पुराने गायनी वार्ड को तोड़कर यह लैब भवन बन रहा है। वर्तमान में केवल फर्श, रैंप, अलमारी और खिड़की-दरवाजे लगाने का कार्य ही पूरा हुआ है। कार्य में बार-बार बाधाएं आईं और ठेकेदारों ने काम छोड़ा। इस पर एनएचएम ने नोटिस भी जारी किए, पर स्थिति में कोई खास सुधार नहीं हुआ।
अब लैब में प्लास्टर और बिजली की फिटिंग का कार्य शेष है। इसके बाद आधुनिक मशीनों की स्थापना होनी है। लैब शुरू होने से मरीजों को विभिन्न जांचों के लिए भटकना नहीं पड़ेगा और सभी सुविधाएं एक ही जगह मिलेंगी। क्षेत्रीय अस्पताल मंडी के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक दिनेश ठाकुर ने बताया कि लैब का अधिकांश कार्य पूरा हो चुका है। अब केवल वायरिंग और मशीनों की स्थापना कर इसे अस्पताल प्रबंधन को सौंपना शेष है, जिसे जल्द पूरा करवा लिया जाएगा।