हाईवे और मुख्य बाजार में लगा जाम, एसपी बोले- स्थिति पूरी तरह शांतिपूर्ण रही
संवाद न्यूज एजेंसी
जोगिंद्रनगर (मंडी)। दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट परीक्षा में कथित धांधली के विरोध में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे युवाओं पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में शनिवार को जोगिंद्रनगर में कांग्रेस के बैनर तले प्रदर्शन किया गया। सैकड़ों लोगों ने हाईवे पर रैली निकालकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और दिल्ली पुलिस पर कार्रवाई की मांग उठाई।
लोक निर्माण विभाग के विश्राम स्थल से शुरू हुई रैली पुलिस स्टेशन चौक, मुख्य बाजार, पठानकोट चौक होते हुए लक्ष्मी बाजार तक पहुंची। नारेबाजी के चलते कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा।प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस प्रदेश कमेटी के उपाध्यक्ष जीवन ठाकुर और कांग्रेस नेता गुरुशरण परमार ने किया। जिला कांग्रेस कमेटी की सचिव शुचिका प्रधान और बीडीसी अध्यक्ष प्रशांत ठाकुर ने भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि यातायात व्यवस्था बनाए रखने और कानून-व्यवस्था कायम रखने के लिए पुलिस की टीमें पूरे समय तैनात रहीं, जिससे प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।