मंडी। वल्लभ राजकीय महाविद्यालय मंडी के वनस्पति विज्ञान विभाग ने बीएससी मेडिकल के विश्वविद्यालय टॉपरों को सम्मानित किया। कार्यक्रम डॉ. बनिता सकलानी और डॉ. माधवी जोशी के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। मुख्य अतिथि प्रोफेसर अंजू शर्मा ने मेधावी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और लगन से सफलता हासिल की जा सकती है। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की शीर्ष दस मेरिट सूची में वल्लभ कॉलेज के पांच विद्यार्थियों ने स्थान बनाया। जागृति ने दूसरा, सुहानी ने पांचवां, खुशबू ने छठा, हर्षलता ने सातवां और सोनाक्षी ने दसवां स्थान प्राप्त कर महाविद्यालय का नाम रोशन किया। विद्यार्थियों ने अपनी अध्ययन रणनीतियां और अनुभव साझा किए। अंत में मेधावियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।